top of page

आत्म् कथा — हरदा

kewal sethi
3 minutes ago
21 min read

हरदा

 

 

मसूरी प्रशिक्षण के पश्चात होंषंगाबाद ज़िला मिला प्रिशिक्षण के लिये। कलैक्टर थे ठाकुर रामनाथ सिंह। कायदे से सोलह महीने का प्रशिक्षण था पर इस बीच हरदा के अनुविभागीय अधिकारी श्री सत्यम को पदोन्नत कर छतरपुर का कलैक्टर नियुक्त किया गया। श्री सिंह ने इस अवसर पर मुझे हरदा का प्रभार लेने का आदेश दिया। चार महीने बाकी थे पर श्री सिंह का कहना था, वहीं काम पर ही इसे पूरा कर लेना। सो हरदा पहुॅंच गया।

हरदा इस ज़िले का सब से बड़ा नगर था। इस महत्वपूर्ण नगर में कई वरिष्ठ अधिकारी उप संभागीय अधिकारी रहे हैं। बताया जाता है कि श्री आर के नेहरू आई सी एस भी यहॉं पर अनुविभागीय अधिकारी रह चुके हैं। आई ए एस अधिकारियों के लिये यह उपयुक्त प्रथम पोस्टिंग मानी जाती है। मेरे पूर्वाकारी श्री सत्यम मेरे से दो साल वरिष्ठ थे। वह काफी लोक प्रिय थे। रम्मी के शौकीन। डाक्टर धीर और दो एक और उन के साथी थे। दो एक बार प्रशिक्षण के दौरान हरदा जाने का इत्फाक हुआ था जिस में मैं भी रम्मी के खेल में दो एक बार शामिल हुआ। उन के मधुर स्वभाव से मैं भी प्रभावित हुआ। उन के विदाई समारोह में कहा गया - वह सत्यम शिवम सुन्दरम के रूप हैं। सत्यम तो वह हैं ही, सुन्दर व्यक्तित्व भी है और सब का कल्याण करते हैं, इस लिये शिवम भी हैं। श्री सत्यम से पूर्व श्री गिल थे जो आई ए एस के ही थे। दुर्भाग्यवश उन की एक जीप दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। उन के नाम से एक ट्राफी उन के पिता ने आरम्भ की थी जो विद्यालयोें में छात्रों की प्रतियोगिता के बाद दी जाती थी। उसे प्रदान करने का काय्र में ने अपने काल में किया। 

खैर, स्थानान्तर हो गया और हरदा आ कर चार्ज ग्रहण कर लिया। हरदा में अनुविभागीय अधिकारी का बंगला था जो बताया गया कि आर के नेहरू के ज़माने से चल रहा है। पहले उस के साथ काफी ज़मीन होती थी पर धीरे धीरे कम होती गई। पूर्व में तो कर्मचारी और नौकर सस्ते और टिकाउ होते थे इस कारण देख भाल हो सकती थी पर धीरे धीरे यह सुविधायें कम हो गईं। स्वतन्त्रता के बाद तो लगभग समाप्त ही हो गईं। नये नये अधिकारी को इतनी ज़मीन का करना भी क्या था और वह मालिक के पास चली गई। फिर भी बंगले के सामने का मैदान तो अभी बंगले के साथ ही था। वह काफी विशाल था। और पीछे भी काफी भूमि थी। किराया नाम मात्र का ही था और रखरखाव की सुविधा नहीं थी। सरकारी मकान तो था नहीं, इस कारण लोक निर्माण विभाग का दायित्व रख रखाव का नहीं था। उस भवन का एक भाग घ्वस्त हो चुका था तथा उन दो कमरों में कोई जाता नहीं था। मुझे बताया गया कि उन में भूत का वास है। मेरा कहना था, इतना बड़ा बंगला और मैं अकेला। भूत के उस में रहने से कोई परेशानी नहीं है। वह अपने कक्ष में, मैं अपने कक्ष में। कहने की आवश्यकता नहीं कि पूरे काल में कोई परेशानी नहीं हुई। न ही इस बारे में श्री सत्यम ने कुछ कहा।

बंगला तो बड़ा था पर उस में फलश वाला पाखाना नहीं था। उस में हमारे विकास खण्ड अधिकारी श्री श्रीवास्तव में एक पाखाना बनवा दिया। उस में साठ रुपये का व्यय आया। मैं ने वह पैसा तो नहीं दिया तो आया कहॉं से। बताया गया कि सरकार की एक योजना हैं ऐसे फलश वाले पाखाना बनाने की। उस में 60 रुपये अनुदान मिलता है। वही काम आया। अब वह अनुदान किस के नाम से था, पता नहीं। मेरे नाम से तो नहीं था।

इस से पहले कि आगे बढ़ें, हरदा की स्थिति को बता दें। इस में दो तहसीलें थी - हरदा और सिवनी। सिवनी को सिवनी मालवा भी कहा जाता था क्योंकि एक ज़िले का नाम भी तो सिवनी था। सिवनी के प्रकरण सिवनी में ही सुने जाते थे। उस के लिये गुरूवार का दिन रखा गया था। इस कारण साप्ताहिक दौरा होता ही था। हरदा तहसील में तीन विकास खण्ड थे - हरदा, टिमरनी और खिरकिया। एक विकास खण्ड सिवनी में था। ं1922 में अंग्रेज़ी काल में, जब होशंगाबाद सी पी एण्ड बरार का हिस्सा था, स्थानीय शासन की बात की गई थी और उसी के आधीन 1948 में हर तहसील में जनपद सभा स्थापित की गई। यह एक स्वायत संस्था थी जिस का अपना कार्यालय था, अपने कर्मचारी और अपनी शालायें। हरदा जनपद सभा के कार्य पालन अधिकारी अनुविभागीय अधिकारी ही थे। सिवनी मालवा जनपद सभा के कार्यपालन अधिकारी वहॉं के तहसीलदार थे। हरदा के विकास खण्ड अधिकारी थे श्री श्रीवास्तव जो मूलतः तहसीलदार थे और प्रतिनियुकित पर विकास खण्ड अधिकारी। वह पूरी तरह राजस्व अधिकारी की तरह प्रोएकटिव्ह थे। तहसीदार थे श्री झा। सीधे साधे। कोई दिखावा नहीं, कोई दम्भ नहीं। वह पूर्व में बस्तर ज़िले में रह चुके थे और आदिवासी जैसी सरलता ही उन में थी। बाद में सरकार ने उन का स्थानान्तर भिण्ड कर दिया और इस से पहले कि वह वहॉं पहुंचते, उन्हें भोपालपटनम, बस्तर भेज दिया गया। मेरे विचार में वही उन के लिये उपयुक्त स्थान था। पुलिस थाना हरदा के चार्ज में थे श्री सिंह। एक सकर्ल इन्पैक्टर थे श्री गिडवानी जो हरदा उप संभाग के सभी थानों को देखते थे। उन का एक कथन अच्छी तरह से याद है ‘‘कम खाने से कोई बीमार नहीं होता है, अधिक खाने से ही होता है’’। अब यह बात उन के अपने स्वास्थ्य के बारे में थी अथवा एक दर्शन, यह स्पष्ट नहीं है। दर्शन तो यह था - जितना आवश्यक हो, उतना काम करो। उस से बढ़ कर नहीं। यह उन का विचार था। श्री चावला जज थे और जैसे मैं ने अन्यत्र कहा है, उस समय जज लोग कटे कटे नहीं रहते थे। उन से दोस्ती उन के स्वर्गवास होने तक रही। वह हाई कोर्ट के जज बन गये थे। परन्तु उस के बाद भी सरलता उन के साथ थी। यहॉं तक कि वह सी जी एच एस में भी स्वयं ही जाते थे और सब के साथ दवाई लेते थे यद्यपि होई कोर्ट के जज होने के नाते वह किसी भी डाक्टर को घर पर बुला कर दिखा सकते थे और पूरा व्यय उन को हाई कोर्ट से मिल सकता था। श्रीमती चावला भी उन्हीं के समान थी। लोक निर्माण विभा में यन्त्री थे श्री हुकुम चन्द जैन। कहने की आवश्यकता नहीं कि एक कम्पैक्ट समूह थाा।

थोड़ा वापस चला जाये। जब होशंगाबाद से हरदा स्थानान्तर हुआ तो सामान को हरदा लाने की बात हुई। होशंगाबाद आये थे तो एक एटैची और एक बैग था पर अब तो पलंग (या चारपाई), कुर्सियॉं, मेज़ इत्यादि सब थे। कुछ बर्तन भी। इस का समाधान इस प्रकार हुआ कि लोक यॉंत्रिकी विभाग के पास एक ट्रक था काफी बड़ा। उसी में सब सामान लादा और ले आये। पैकिंग की तो ज़रूरत ही नहीं पड़ी। वैसे ही उठा कर रख लिया। ट्रक इतना बड़ा था कि अपना सामान सब उस में समा गया। सामान था भी कितना। उस समय विभाग के यन्त्री थे श्री श्रीवास्तव। मस्त आदमी। सवेरे कब उठते थे पता नहीं पर रात को कब सोते थे, यह भी पता नही। एक बार उन के घर पर चोरी हो गई। चोर पकड़ा गया। मुकद्दमा चला। उस में उन की गवाही हुईं। सवाल हुआ, चोर किस तरफ से घुसा था। इस का जवाब वह दे नहीं पाये। वकील में सलाह दी जिधर से सूरज लिकलता है, उस ओर से।  उन का जवाब था - जब मैं उठता हूं तो सूरज सर के ऊपर होता है। किधर से आया, यह मालूम नहीं। खैर, अन्त में यह तय हुआ कि जिस तरफ नर्मदा नदी है, उस तरफ से यानि कि पूर्व से चोेर आया था।

यह तो ऐसे ही बात हो गई पर सामान उन के सौजन्य से हरदा पहुॅंच गया। कुर्सियॉं तो ठीक थीं पर डाईनिंग रूम में मेज़ बहुत छोटी पड़ती थी। खोली के लिये तो ठीक साईज़ था पर यहॉं नहीं। एक बढ़िया छह फुट बाई चार फुट की टीक की मेज़ बनवा ली। और टीक की मोटाई भी एक डेढ़ इंच। इतनी भारी कि एक से हिले ही नहीं। जब अगला स्थानान्तर हुआ तो उसे ले जाने का कोई चांस ही नहीं था। इस लिये उसे वहीं छोड़ दिया।

जब हरदा में थे तो उस समय भारत पाकिस्तान का युद्ध आरम्भ हो गया। उस में मेरी भूमिका इतनी ही थी कि नागरिकों ने चन्दा इकठ्ठा किया जो मैं ने सरकार के प्रतिनिधि होने के नाते आम जन समारोह में प्राप्त किया। इस की राशि थी 1111 रुपये। चार इक्के इस लिये कि वह हिन्दू मुस्लिम सिख ईसाई सब की ओर से था। इस अवसर पर जैसा कि रिवाज है, वीर रस की कवितायें भी पढ़ी गईं। दुर्भाग्यवश वह तो याद नहीं हैं पर एक कवि की चीन आक्रमण समय की कविता अवश्य याद है जो उस में पढ़ी गई थी। यह थी

कौन कहता है, यहां गिने चुने लीडर हैं

एक से एक तपे जले भुने लीडर हैं

चीन किस हौसले पर यहां आया है तू

तेरी फोजों से सौ गुना यहॉं लीडर है।

एक और कवि थे हरदा के चद्र सैन विराट। उन का भी काफी नाम था पर मुझे जो चार लाईनें याद हैं, वह इस प्रकार थीं  -

दीप दीवट पर जलाया हो गा

नीर तुलसी पर चढ़ाया हो गा

नाम ईष्वर का लिया हो गा

ध्यान मेरा ही लगाया हो गा

मैं ने जनपद सभा के बारे में बताया। इस दफतर में एक गाड़ी भी थी - लैण्ड रोवर। बावा ज़माने की यानि कि अंग्रेज़ों के ज़माने की। पर गाड़ी तो गाड़ी है। वह चलती थी और नई नई सीखे होने के कारण चलाने का षौक भी था। एक बार हरदा से हण्डिया जा रहे थे या हण्डिया से हरदा आ रहे थे। आगे एक भैंस आ गई। ब्रेक तो लगाई पर लगी नहीं। ड्राईवर ने बताया कि पुरानी गाड़ी है। एक बार पम्प करने से नहीं मानती। तीन चार बार पम्प मारना पडता है तब काम करती है। खैर गति कम थी और गाड़ी तथा भैंस दोनों मज़बूत। कुछ नुकसान नहीं हुआ।

गाड़ियो की बात हुई तो एक कार मैं ने भी खरीद ली। होशंगाबाद में एक पुलिस उप अधीक्षक थे श्री खत्री। पुराने ज़माने के खुराण्ट अधिकारी। अंग्रेज़ों के ज़माने में रायगढ़ मे थानेदार थे। एक किस्सा बताया कि एक गॉंव में एक व्यक्ति द्वारा उन्हें सैल्यूट नहीं किया गया। उन्हों ने शाम को गॉंव के सब लोगों को इकठ्ठा किया और उन से सैल्यूट मारने का कवायद कराई। उन के पास एक कार थी फोर्ड परफैक्ट। जाने किस विण्टेज की थी। और मैं ने गाड़ी के बारे में कोई जानकारी कभी प्राप्त ही नहीं की थी। अब कैसे हुआ, यह तो याद नहीं पर वह फोर्ड परफैक्ट मेरे को बिक गई। केवल 1600 रुपये में (जो उस समय ढाई महीने का वेतन था)। कार उन का ड्राईवर आ कर छोड़ गया। उस कार को में ने केवल एक बार इस्तेमाल किया - हरदा से खिड़किया जाने आने के लिये। उस के बाद वह चली नहीं। मैं ने उसे अपने नाम भी नहीं कराया। उस ज़माने में यह आदेश थे कि एक हज़ार रुपये से अधिक की चल सम्पत्ति खरीदें तो सरकार को सूचना देना पड़ती थी। अचल सम्पत्ति के लिये सीमा 2000 रुपये थी। अब दोस्तों की राय ठहरी कि यह चलती तो हैं नहीं अतः इस का अचल सम्पत्ति मान कर रिपोर्ट करने की आवश्यकता नहीं है। 

उस कार का यह हुआ कि हमारे विकास खण्ड अधिकारी श्री श्रीवास्तव ने किसी जमींदार को तैयार किया और वह कार उन के नाम पर कर दी गई। मुझे तो 1600 रुपये से अधिक नहीं चाहिये थे पर क्रेता का कहना था कि अन्त में शून्य नहीं आना चाहिये अतः उन्हों ने 1601 रुपये दिये। इस तरह इस अचल सम्पत्ति से मैं ने एक रुपया कमाया।

इस कार का एक किस्सा और भी है। एक जंगल के ठेकेदार थे। उन सेे एक क्षेत्र में पेड़ काटने का इकरारनामा किया गया। उन्हों ने उस क्षेत्र से पेड़ तो काटे ही, लगे हाथ पास के क्षेत्र के भी वृक्ष काट लिये। वन विभाग के अधिकारियों ने पकड़ लिया और इस काटे गये टिम्बर को ज़प्त कर लिया। सरदार जी, यानि कि ठेकेदार भी कम नहीं थे। उस ने कलैक्टर साहब के यहॉं अर्ज़ी लगाई कि हज़ूर, पेड़ तो अब कट ही गये। वह किसी के काम नहीं आयें गे। उन की कीमत उन से वसूल कर ली जाये और टिम्बर उन्हें दे दिया जाये। आश्चर्य यह कि कलैक्टर ने यह प्रार्थना स्वीकार कर ली। कितना पैसा लिया जाये, इस को अनुविभागीय  अधिकारी हरदा, यानि कि मैं, तय करें गे।

एक बार वह ठेकेदार मुझ से मिले। उस समय वह फोर्ड परफैक्ट मेरे पास ही थी। बात चीत में उन्हों ने कहा कि वह इसे इंदौर से ठीक करवा दें गे ताकि वह चलने लायक हो जाये। यह मेरा पहला रिश्वत का केस था। मेरा जवाब था कि कार मरम्मत में तो अधिक से अधिक 2000 रुपये ही खर्च हो गा। अगर रिश्वत ही देना है तो साढ़े तीन लाख रुपये दिये जाये। साढ़े तीन लाख ही क्यों? व्यक्ति जब आई ए एस अधिकारी बनता है तो उस की आकांक्षा होती है कि वह मुख्य सचिव बन कर सेवानिवृत हो। उस समय मुख्य सचिव का वेतनमान 3500 रुपये प्रति मास था। डाक घर में मियादी जमा पर व्याज था बारह प्रतिशत। साढ़े तीन लाख पर इतना व्याज आ जाये गा। रिश्वत लेने पर नौकरी भले ही जाये पर कम से कम आमदनी तो होती रहे गी। सौदा जमा नहीं। जमना भी नहीं था, यह तो पता था क्योंकि काटे गये वृक्षो की कीमत तो हज़ारों में थी, लाखों में नहीं।

एक और गाड़ी की बात करें। इस जीप का नम्बर था एम पी ए 10। देखने में खटारा। पर इंजन फर्स्ट कलास। चलाने में बहुत अच्छी। कलैक्टरेट से अच्छी दिखने वाली दूसरी जीप मिल सकती थी पर कभी उस की इच्छा नहीं की। एक बार जब अवकाश पर गया तो जिस अधिकारी को चार्ज दिया गया था, वह इस की विशेषता समझ नहीं पाये। लौट कर आया तो पता लगा, वह गाड़ी तो होशंगाबाद और फिर वहॉं से रायपुर चली गई है। अधिक अफसोस नहीं हुआ क्यों उस समय हरदा भी हम से छूट गया।

पाकिस्तान से युद्ध का ज़िकर आया है। इस में एक बार हमारे थानेदार ने एक व्यक्ति लक्षमण को बन्दी बना लिया। आरोप था कि उस के पास से देश विरोधी साहित्य मिला है। यह तो पता था कि लक्षमण पक्का कम्यूनिस्ट है। देश विरोधी साहित्य मिलने से आश्चर्य नहीं हुआ। वह ज़माना अच्छा था, या कम से कम अलग प्रकार का था। आजकल तो ऐसे प्रकरणों में सालो साल कार्रवाई चलती रहती हैं पर तब चालान भी पेश हो गया। और हैरानी की बात यह कि मेरे हरदा रहते समय फैसला भी हो गया। जज थे श्री चावला जिन का ज़िकर मैं ने पूर्व में किया है। उन्हों ने चार पॉंच पृष्ठ का आदेश लिखा। उस फैम्पलैट में क्या था और क्यों आपत्तिजनक था, इस का ब्यौरा था। पर आखिर में यह कहा गया कि यह सिद्ध नहीं हो सका कि यह लक्षमण से बरामद हुआ था। इस लिये उसे बर्री किया गया। मेरा प्रश्न था कि जब ऐसा था तो उस फैम्पलैट में क्या था, यह तो मतलब ही नहीं रखता। मुख्य बात तो आरोपी का सम्बन्ध था और वह था ही नहीं। पर जज की अपनी बात होती है।

पर जैसे मैं ने कहा, वह ज़माना और था। आजकल तो चालान में तीन चार हज़ार पृष्ठ होना तो मामूली बात हैं और फैसले में भी लम्बाई देखी जाती है। यह परिवर्तन कब हुआ, क्यों हुआ, यह एक लम्बी बहस का विषय है जिस का सम्बन्ध हरदा से तो नहीं है।

चलिये अगले विषय पर आते हैं। एक जनवरी 1966 को सरकार द्वारा विकास खण्ड अधिकारियों के पद पूरे प्रदेश में समाप्त कर दिये गये। यह क्यों हुआ, इस पर कभी खुलासा नहीं हुआ। संसद में एक उत्तर में कहा गया कि विकास खण्ड का काम अधिकतर कृषि सम्बन्धी था, इस कारण पद समाप्त किये गये। पर वास्तविक कारण यह बताया जाता था कि कुछ विकासखण्ड अधिकारियों ने कॉंग्रैस के विरुद्ध कार्य किया था। इस से मुख्य मन्त्री नाराज़ थे। और यह निर्णय उन की नाराज़गी के कारण था। मेरा निजी विचार है कि इस से विकासखण्ड की अवधारणा को अपूर्णीय क्षति हुई जिस से मध्य प्रदेश उभर नहीं पाया। कृषि विस्तार अधिकारी तो थे पर उस के साथ समाज कल्याण अधिकारी और दूसरे अधिकारी भी थे। ग्राम सेवक सभी के कार्य देखता था। इस श्रृंखला को बाधित करना उचित नहीं था।

विकास खण्ड अधिकारी का पद समाप्त होने से श्री श्रीवास्तव का स्थानान्तर हो गया। उन से दौबारा मुलाकात हुई जब वह तहसीलदार सिहोरा, ज़िला जबलपुर थे। इस का त्वरित परिणाम यह हुआ कि विकासखण्ड की जीप अनुविभागीय अधिकारी के पास आ गई। ऊपर एम पी ए 10 का ज़िकर किया ही गया है। थोड़ी ज़िम्मेदारी बढ़ गई पर वह तो शासकीय सेवा की सामान्य परिपाटी है।

उस से पहले की बात है जब जीप नहीं थी तो बस पर भी सफर किया। एक बार का ज़िकर है कि हरदा से सिराली जाना था। लैण्डरोवर पर जाने की हिम्मत नही पड़ी क्योंकि रास्ता वैसा ही बताया गया था। बस से ही यात्रा करना ठहरा। अब अनुविभागीय अधिकारी जा रहे हैं तो सब से आगे की सीट पर ही तो बैठें गे। परन्तु उस पर एक यात्री बैठे थे। उन्हें उठाया गया। बाद में पता चला कि वह मकराई रियासत के भूतपूर्व राजा थे। आदिवासी थे और शकल से तो राजा जाने नहीं जा सकते थे। मकराई अंग्रेज़ी काल में अलग रियासत थी पर स्वतन्त्रता के बाद हरदा तहसील में शामिल हो गई।

सिराली तो पहुॅंच गये पर ठहरें कहॉं। वहॉं कोई रैस्ट हाउस तो था नहीं। बस दो कमरे का एक प्राथमिक स्कूल था। उसी में रुके। सुबह सिराली के पंच की घोड़ा गाड़ी ली और एक गॉंव में गये। किस लिये गये थे, यह तो याद नहीं पर कोई सरकारी काम तो हो गा ही। शाम को वैस ही लौटे और बस से हरदा वापस आ गये। आजकल तो जीप है और कार है और रास्ते भी सुधर गये हैं। सब से अधिक मुसीबत दूरदर्शन की है। वह तो रात को आ कर देखना ही है। इसी लिये मुख्यालय से बाहर रात्रि विश्राम कम हो गये हैं पर साठ के दशक में यह समस्या नहीं थी। और अभी तो विश्रामगृह में भी टी वी होना सामान्य बात है।

यहॉं पर वन विभाग की बात भी की जाये। अनुविभाग का दक्षिणी भाग वनाच्छादित था। और हमारे ए सी एफ थे श्री सुभाष जोशी। मिलनसार, खुशमिजाज। उन के साथ वन क्षेत्र का बहुत दौरा किया। उन के पास जीप थी जिस के बिना जंगल में जाना कठिन था। इस में एक किस्सा याद है। जोशी जी हाथ भीे देखते थे और उन के अनुसार वह काफी निपुण थे इस काम में। अपना भविष्य तो कभी नहीं पूछा पर एक बार वन के एक अन्दरूनी भाग में एक कोयला बनाने वाला गिरोह देखा। दो चार परिवार हो गे। औरतें भी वही काम कर रही थीं। बच्चे खेल रहे थे। उस माहौल में सफाई कहां से आती। काले कलूटे। मैं ने जोशी जी को कहा कि ज़रा इन के हाथ देख कर बताओं कि इन का भविष्य क्या है। उन्हों ने बताया नहीं। कन्नी काट गये। वास्तव में भारत कई काल में एक साथ जी रहा था और शायद आज भी वैसे ही जी रहा है। एक ओर चन्द्रायण है और दूसरी ओर वही कोयला मज़दूर, बंधुआ मज़दूर।

जो हो, वनों के बारे में जोशी जी के साथ रह कर बन के बारे में बहुत कछ सीखा। उन से सम्पर्क उन के स्वर्गवास होने तक बना रहा। भोपाल में जब थे तो वज़न बढ़ गया था। चलना फिरना भी कठिन हो गया था। फिर इंदौर में कोई चिकित्सक मिले। इतने सुधरे कि केदारनाथ हो आये। आज भी ऐसे चिकित्सक उपलब्ध हैं पर गुमनाम हैं। आजकल का रिवाज तो कारपोरेट हस्पतालों का है जो केवल पैसा कमाना जानते हैं और दुनिया भर के टैस्ट कराते रहते हैं।

इस बीच आयुक्त महोदय का निरीक्षण भी आ गया। आयुक्त थे श्री पी डी चैटर्जी। वह आये तो उन के साथ कलैक्टर श्री राम नाथ सिंह भी आये। उस से पहले आयुक्त कार्यालय के अधीक्षक आये और तहसील का एवं अनुविभाग का कार्यालय देखा और नोट बनाये। वास्तव में वही निरीक्षण होता है। आयुक्त तो बस एक बार सरसरी तौर से देख लेते हैं कि क्या नोट है। बस हो गई औचारिकता पूरी। पर इस निरीक्षण में हमें बहुत कुछ सीखने को मिला। मैं ठहरा एक सीधे साधे परिवार का सदस्य। न पीने का शौक, न खाने का शौक। मेहमान आये तो जैसे हम वैसे वह। जो बना था, खिलाया। एकाध कुछ अतिरिक्त बना लिया बस। पर आयुक्त की देखभाल कैसे की जाती है, इस बारे में बिल्कुल अनजान। किस्मत से हमारे तहसीलदार श्री झा भी वैसे ही। बस एक श्री श्रीवास्तव विकास खण्ड अधिकारी ही थे जो यह सब समझते थे। उन की डयूटी लगा दी। अब कहॉं कसर रह गई, पता नहीं। उस का परिणाम निरीक्षण रिपोर्ट में तो कुछ गल्त नहीं था पर जब उन्हों ने सी आर लिखा तो काफी कमियॉं दिखा दीं। पहली पहली पोस्ट और पहली पहली एडवर्स टिप्पणी। पर हमारे दोस्त श्री कालिया ने कई वर्षों बाद कहा था

हम ने खाई है कसम हम न सुधरे गे

हम को आप इतना डराते क्या हो।

तुम कर लो कोशिश चाहे जितनी

हम न समझें गे हमें समझाते क्या हो।

और आगे चल कर बहुत सी एडवर्स प्रवष्ठियॉं मिलीं। कभी पुराने कागज़ मिले तो इन के बारे में भी लिखना हो गा। पर अभी इतना ही। केवल यह कहना पर्याप्त हो गा कि वह टिप्पणी आवेदन पर से विलोपित कर दी गई।

कलैक्टर श्री रामनाथ सिंह 15 दिन के अवकाश पर गये। कायदे के अनुसार आई एस अधिकारी को कार्यवाहक कलैक्टर बना दिया गया। सो वह पंद्रह दिन होशंगाबाद में रहे। सब रूटीन काम था। कोई खास वाक्या नहीं हुआ। पर एक बात बताना है। कलैक्टर साहब का ड्राईवर था पन्ना लाल। कलैक्टर के पास सरकारी गाड़ी थी चमचमाती काली बड़ी सी कार। पर पन्ना लाल ने मेरे इंचार्ज कलैक्टर होने के कारण उस में नहीं बैठने दिया। अपनी जीप ले गये थे, उसी से काम चलाया। विकास खण्ड अधिकारी श्री वर्मा के साथ बोरी के जंगल में भी हो आये। श्री राम नाथ सिंह को शिकार का शौक था। उन के लौटने पर उन्हें बताया कि जंगल के जानवर उन्हें मिस न करें, इस कारण एक चक्र वन का लगाा आया। वैसे मुझे शिकार को कोई शौक नहीं था। वास्तव में तो बन्दूक चलानी भी नहीं आती थी। कटनी में अतिरिक्त कलैक्टर श्री दास के साथ शिकार पर गये तो एक बार बन्दूक चलाई थी पर रिकायल का तजरबा था नहीं, इस कारण सीट पर ही गिर गये, सांभर को तो क्या गोली लगनी थी। कभी कटनी की बात हुई तो इस के बारे में लिखें गे।

अब आयें एक महत्वपूर्ण बात पर। 1965 का वर्ष अल्प वृष्टि का वर्ष था। पूरे भारत में ही बारिश कम हुई थी। फसल की पैदावार कम हुई। होशंगाबाद ज़िले में गेहूॅं ही मुख्य फसल थी। इसी समय सरकार ने निर्णय लिया कि किसानों से क्षेत्रफल के हिसाब से निर्धारित मात्रा में गेहूॅं लिया जाये ताकि राशन के ज़रिये बांटा जा सके। कीमत रखी गई 64 रुपये प्रति क्विंटल। बाज़ार दर तो एक सौ से ऊपर थी। सब ज़िलों के लक्ष्य बांध दिये गये। गेहूं को राशन पर बॉंटने के भी आदेश हो गये। होशंगाबाद में अच्छी फसल हरदा अनुविभाग में ही होती है। सोहागपुर और होशंगाबाद तहसील में कम। कलैक्टर साहब ने कहा कि सिवनी तहसील मैं देख लेता हूॅं। हरदा तहसील कर पूरा ज़िम्मा तुम्हारा।

अब किसानों से गेहूॅं लेना आसान काम थोड़ा ही था पर चाहे जैसे हो  करना तो था। साम दाम दण्ड भेद सब हथकण्डे अपनाने पड़े। जो कष्ट हुआ उस के बारे में एक कविता लिखी थी जिस से पता चले गा कि कैसी स्थिति थी। कविता है -

Wheat Procurement – a fantasy

 

(In 1964, the Government ordered that the wheat should be procured from the farmers. The price offered was low. The difficulties met are mentioned here but you have to guess(sic) them.)

 

I slept and dreamt that I went for procurement of wheat

Whole process was so fast and clean and neat

All the netas behaved so well

I did not have to shout and yell

Rousing welcome I received wherever I went

Sacrifice was the watchword whenever wheat they sent

Nobody questioned the rate given or the treatment

Nobody talked about his expenses or his requirement

Sarpanch and cultivators, I did not have to invite

Cause they were already there when I arrived

Hearing the sound of jeep, they ran to the market place

All the panchas and kisans were real pictures of grace

Some gave two bags and some gave four

And all were asking if they could give more

fdlh us fn;s nks cksjs vkSj fdlh us fn;s pkj

vkSj lkFk esa cksyrs 'kklu dh t; t; dkj

Naib tahsildars did not have to use words strong

No one, not even Bhunas, gave them a chance

Collector did not have to give up his rest or his game

Wheat came pouring in whatever figure he did name

Happy were all officers, big or small

And Gautam Sharma was the happiest of them all.

 

(Bhunas is a village in Harda tahsil. It was the most difficult nut to crack.

gautam sharma was the food minister at that time. )

 

खैर, कहना न हो गा कि जो लक्ष्य दिया गया था, उस तक हम पहुॅंच तो पाये।

इधर राशन की बात सुनें। राशन कार्ड तो थे जिन पर से गेहूॅं दिया जाता था। पर कुछ के राशन कार्ड थे ही नहीं। उन को विशेष अनुज्ञापत्र दिये जाते थे। उन में मैं भी एक था। अपने को ही पॉंच या दस किलो गेहूॅं का अनुज्ञा पत्र दिया। वैसे तो तहसीदार को कहने पर एकाध बोरा घर पर आ जाता पर यह खेल तो दिखाने का होता है।

पास के ज़िले खण्डवा की हालत खराब थी। हरदा तो हमेशा से इस मामले में खुशकिस्मत था। अब ऐसी स्थिति में एक ज़िले से दूसरे ज़िले में गेहॅं ले जाना तो बनता है। पर शासन ने आदेश कर दिये कि बिना कलैक्टर या खाद्य अधिकारी के लाईसैन्स से गेहूॅं ज़िले से बाहर नहीं ले जाया जा सकता। पर सम्मगलिंग को कौन रोक पाया है। खण्डवा से लगी सीमा पर पुलिस तैनात कर दी गई। परन्तु इस से तो आमदनी बढ़ती हेै, सम्मलिंग थोड़ी रुकती हैं। एक बार मैं ने भी रात को सीमा पर जाने का निर्णय लिया। मय पुलिस बल के वहॉं डेरा डाल दिया। पर सारी रात एक भी ट्रक नहीं आया। शायद खबर फैल गई थी या फैला दी गई थी।

बाकी कार्य केस वर्क, निरीक्षण इत्यादि तो आम तरह से चलते रहे। उन के बारे में लिखना बेकार है क्योंकि उस में किसी को कोई रुचि नहीं हो गी।

हॉं। दो एक बात का जिकर करना उचित हो गा।

मैं ने बताया था कि जब भोपाल मुख्य सचिव श्री नरोन्हा से औपचारिकतावश मिले तो उन्हों ने पंद्रह मिनट तक अपनी नई खरीदी पर्ल यामाहा मोपैड के बारे में बताया था। हरदा में डा. धीर के बहनोई की इंदौर में पर्ल यामाहा की एजैन्सी थी। उन की सहायता से एक पर्ल यामाहा खरीदी जो मेरा पहला मोपेड या वाहन था। वह पर्ल काफी देर अपने साथ रहा और उस के बाद दूसरा और फिर तीसरा। आखिरी स्कूटर 2023 में बेचा कबाड़ में। दिल्ली में पॉंच साल रहे पर पर्ल के सहारे ही। कार नहीं खरीदी। पर वह बात अपनी जगह।

दूसरी बात कलैक्टर साहब के शिकार की। हिरण वगैरा तो थे ही उस समय काफी संख्या में। शेर भी दिख जाता था। जहॉं तक मुझे याद है कलैक्टर साहब ने इस दौरान शेर का शिकार नहीं किया। एक बार जब उन के साथ हरदा से होशंगाबाद जा रहा था तो हिरण दिख गया। कार रोकी कि शिकार करें। फिर इरादा बदल लिया। कहने लगे, हिरणी है और गर्भवती है। शिकार करना गलत हो गा। उस समय षिकारी भी कुछ संयमी होते थे। वैसे बोरी के जंगल में सांभर हिरण का शिकार तो किया उन्हों ने। 

कलैक्टर साहब को मगर का शिकार करने का भी शौक था। कहां पर है, यह खबर तो उन्हें मिल जाती थी। उन के अपने स्रोत थे। एक बार पता लगा नर्मदा नदी में जहॉं वह खण्डवा ज़िलं में प्रवेश करती है, मगर है। फौरन वहां चल दिये। अनुविभागीय अधिकारी का तो कर्तव्य है साथ रहने का। दो दिन कैम्प में रहे। एक रात भी बैठे नदी के किनारे। सुबह मगर दिखा। कलैक्टर साहब का निशाना अचूक होता था पर जाने कैसे मगर नदी में कूद गया। अब उस की तलाश शुरू हुई। जब पूरे दिन नहीं दिखा तो वापसी हुई।

शुरू शुरू के दिन थे। अपना क्षेत्र देखना था। दौरे पर तो जाते ही रहते थे। विकास खण्ड अधिकारी साथ थे। एक गॉंव में पहुॅंचे। लोगों से बात चीत की। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि हरिजन कुॅंवा देख लिया जाये। सुन कर बड़ी हैरानी हुईं। जाति का बोध तो इंसानों में होता है और इसे संविधान में भी स्वीकार किया गया है पर कुॅंवों में भी जातिवाद होता है, यह पहली बार सुना। दिल्ली के रहने वाले, पाकिस्तान की पैदाईश। वहॉं भी शहर में रहे। गॉंव का पता नहीं पर कभी हरिजन कुॅंए का नहीं सुना। यह भी एक अनुभव था।

एक और वाक्या याद आता है। हरदा में पूनम चन्द नाम के नामी गिरामी नागरिक थे। अच्छे व्यापारी। वह एक मुकद्दमें में उलझ गये। दूसरी पार्टी भी रसूख वाली थी। मुकद्दमा लम्बा खिंचा। तीस हज़ार रुपपे उधार लिये गये थे जो सेठ पूनम चन्द का कहना था, लौटा दिये गये थे। दूसरी पार्टी यह नहीं मानती थी। उस के वकील ने कहा कि पूनम चन्द अदालत में आ कर ज़बानी कह दें कि उन्हों ने पैसे लौटा दिये तो वह प्रकरण वापस ले लें गे। उन के वकील ने कहा कि हलफनामा पेश कर वुके हैं और उस में यह कहा है। उत्सुकतावश मैं ने सेठ पूनम चन्द से पूछ लिया कि जब हलफनामा दिया है तो ज़बानी कहने में क्या हर्ज है। उन का जवाब था - ज़बान की कीमत होती है। बाज़ार में ज़बान से ही सब कुछ होता है। लाखों के सौदे हो जाते हैं। क्या मतलब था, क्या पता। पर यह स्पष्ट है कि कहने में और हलफनामा देने में अन्तर है।

हरदा का काल समाप्त हुआ जब शादी के लिये अवकाश लिया। अवकाश से लौटे तो उस समय स्थानान्तर की बात चल रही थी। इस कारण हरदा में पदभार ग्रहण नहीं किया। उस मकान में गये और कुछ दिन रहे। स्थानान्तर के आदेश अब आये तब आये पता नहीं। इस बीच कुछ दिन होंशंगाबाद में विश्राम भवन में ही रहे । उस समय अपने बैचमेट श्री लोहनी इनचार्ज कलैक्टर थे। मेरे अवकाश पर होने के कारण उन्हें भोपाल से भेजा गया था, नहीं तो परम्परा वहीं के आई ए एस अधिकारी को चार्ज देने की थी। करने को कुछ नहीं था तो ज़िले के कई स्थानों - पचमढ़ी, पिपरिया, रानीपुर को भी बीवी समेत भेंट दी।

इस स्थानान्तर के आदेश में विलम्ब के पीछे जो कारण था, वह इस कविता में दिया गया है जो उसी समय लिखी गई थी।

अवकाश से लौटने पर

(यह कविता सच्ची घटना पर आधारित है और राजनीति के अन्दर की कहानी भी बताती है)

जीवन सूना है तुम बिन हमारा

जी ए डी की आज्ञा का ही हम को सहारा

सुना है हम पहुॅंच रहे हैं कटनी

पर उस से पहले क्या हाल हो गा हमारा

पचानवे दिन की छुट्टी डयू थी ले लिये दिन ब्यासी

शासन ने मान लिया कि हम चले गये हैं काशी

सन्यास ले लिया संसार से लौट कर हम अब न आवें गे

हो गये कक्कू अन्तरधान खबर अब तो यह ही पावें गे

ग्यारह जुलाई को लौटना था करते रहे इंतज़ार

सात जुलाई तक पर आया न कोई समाचार

तब आई समझ में इन को नौकरी है अभी करना

जल्दी इन की जगह बतायें सुनो ए मिस्टर शर्मा

शर्मा ने झट फाईल चला दी लिख दिया पूरा हाल

लौट कर सेठी आवें गे आर्डर मिले उन्हें तत्काल

यू एस ने भी दखसत कर दिये फाईल दी ऊपर भेज

डी एस ने खाली जगह बता दी एक नहीं अनेक

सी एस ने अपनी राय दे दी कह दिया कटनी भेजो

समर सिंह गये प्रमोशन पर

है जगह उपयुक्त सेठी को दे दो

 

पर होनी उस समय अपना रंग बदल कर आई

डी एस सी एस ने पॉंच अन्य व्यक्तियों से जोड़ बनाई

फाईल चली छः प्रस्ताव ले कर पहुॅंची सी एम पास

देख कर यह भीड़

हो गया चित उन का उदास

समय बड़ा नाज़ुक है आ रहा चुनाव अगले साल

बन गई तो स्वर्ग मिले गा रह गये तो पाताल

सोच समझ कर कदम बढ़ाना, है अकलमंदों का दस्तूर

कुछ व्यक्ति सधे सधाये, रहते कुछ अकल से दूर

कुछ अपनी धुन में रहते मस्त करते नहीं सत्कार

खौफ न खायें कॉग्रैस नेताओं का

खुद को समझते हुशियार

ऐसे ईमानदारों से दूर रखे हम को गोसाईं

यह हुए तो हो जायें गे हम चुनाव में धराशायी

ऐसे व्यक्तियों को चुन चुन कर दे दो ऐसे स्थान

कुछ न करें तो भी कॉंग्रैस जन न हों परेशान

इसी उधेड़बुन में बैठे रहे चिन्तामग्न मुख्य मंत्री

और कक्कू भैया दिखलाते रहे ज्योतिशी को जंत्री

फाईल को दाबे रहे करते रहे मन में विचार

और कक्कू जी के बाकी तेरह दिन भी हो गये पार

फिर यात्रा दिल्ली की कर के मुख्य मंत्री वापिस आये

‘चर्चा करो’ आते ही उन्हों ने फरमान लगाये

सी एस दिल्ली गये लेने कॉंफ्रैंस में भाग

डी एस दौरे से नहीं लौटे ऐसे हमारे भाग

फाईल पड़ी रह गई सचिवालय में जैसे हो थकी लुटी

और कक्कू जी को लेनी पड़ी अर्द्ध वेतन की छुट्टी

(होशंगाबाद, जुलाई 1966)

 

(पुनश्च - बाद में जायनिंग समय बढ़ा दिया गया तो अर्द्ध वेतन पर छुट्टी तो नहीं लेनी पड़ी)

 

 

 

 
 
 

Recent Posts

See All
दिलेरी और वेतन आयोग

दिलेरी और वेतन आयोग जब से वेतन आयोग बना है तब से महीने, दो महीने में समूह में उस पर बात हो ही जाती है। उस दिन भी यही बात हुई। एक ने कहा अब तो रिपोर्ट आ ही जाना चाहिये। हर दस साल में नये वेतनमान लागू ह

 
 
 
waste?

waste? so called ratinalists (respectable name for athiests and hindu baiters) keep on asking why should we offer food and other delicacies to the gods. after all they are niralaar (formless) of just

 
 
 
दिलेरी और कड़वा चौथ

दिलेरी और कड़वा चौथ दिलेरी के दोस्तों की महफिल लंच टाईम में जुटी हुई थी। इधर उधर की बात चल रही थी कि पता नहीं कैसे बात दिलेरी तक आ गईं। दिलेरी यूूॅं तो बहुत बोलता था पर आज चुप था। किसी का ध्यान उस की त

 
 
 

Comments


bottom of page